ईशा अंबानी की शादी में क्या-क्या होगा?

हाल ही में हुई दो चर्चित शादियों का ज़िक्र ख़त्म भी नहीं हुआ था कि एक और शादी का नंबर आ गया. इस बार देश के दो अमीर कारोबारियों के बेटा-बेटी शादी कर रहे हैं.

भारत के सबसे अमीर शख़्स मुकेश अंबानी की बेटी ईशा अंबानी 12 दिसंबर को पीरामल समूह के चेयरमैन अजय पीरामल के बेटे आनंद पीरामल से शादी करेंगी.

शादी से पहले का जश्न इसी वीकएंड से राजस्थान के शाही शहर उदयपुर में शुरू हो चुका है.

आख़िरी बार किसी भारतीय कारोबारी के परिवार की शादी के बारे में ऐसा कौतुहल 2004 में दिखा था, जब लंदन में रहने वाले भारतीय कारोबारी लक्ष्मी मित्तल ने अपने बेटी की शादी फ्रांस के ऐतिहासिक पैलेस ऑफ़ वर्साई और एक भव्य महल में की थी. पारिवारिक मित्रों को तोहफ़े भी दिए गए थे और कुल बिल 55 मिलियन डॉलर के क़रीब था. आज के ज़माने में यह रक़म 392 करोड़ रुपये के बराबर है.

ईशा अंबानी और आनंद पीरामल की शादी का ख़र्च शायद उतना नहीं है. पर 'लीक' हुए ब्यौरे भारतीयों को आकर्षित कर रहे हैं. इस शादी का ख़ुमार इंस्टाग्राम पर भी ख़ूब दिख रहा है.

हाल के दिनों में इंस्टाग्राम भारतीय शादियों को ऑक्सीजन प्रदान करता रहा है. इस सोशल प्लेटफॉर्म पर भारतीय फ़ैशन और अब फ़ोटोग्राफ़ी भी दुल्हन, दूल्हों और उनकी पार्टियों की तस्वीरों से पटी हुई है.

2018 शादियों के लिहाज़ से काफ़ी अलग रहा है और यह साल अंबानी-पीरामल शादी से ख़त्म हो रहा है.

सेलेब्रिटी ब्लॉगर, एंटरटेनमेंट पर लिखने वाले लेखक और लाइफ़स्टाइल पत्रिकाएं शादी से पहले की हलचलों से ख़ुद को अपडेट रखने के लिए इंस्टाग्राम पर नज़रें गड़ाए हुए हैं.

शादी के न्योते के वीडियो भी इंस्टाग्राम पर शेयर किए जा रहे हैं.

परिवारों ने ज़्यादातर ब्यौरों को छिपाए रखा है लेकिन अफ़वाहों का बाज़ार भी गर्म हैं.

अमरीकी सिंगर बियोंसे ने संगीत समारोह में परफॉर्म किया है.

कई बॉलीवुड सितारे भी संगीत समारोह में शामिल हुए. कई बार ख़र्चीली शादियों में बॉलीवुड हस्तियों को भी भुगतान करके परफॉर्म करने के लिए बुलाया जाता है.

लेकिन बॉलीवुड के कई बड़े सितारे अंबानी परिवार के मित्र माने जाते हैं और अक्सर अंबानी परिवार की पार्टियों में नज़र आते हैं.

ख़ुद अंबानी परिवार भी दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह की शादी के रिसेप्शन में शामिल हुआ था. वहीं जोधपुर में हुई प्रियंका चोपड़ा की शादी के समय ईशा अंबानी ब्राइड्समेड बनी थीं.

जगह से लेकर परिधान की चर्चाएं
ईशा अंबानी और आनंद पीरामल की शादी उदयपुर में होगी, जो सोलहवीं सदी का शहर है. झीलों वाले इस शहर में कई भव्य होटल हैं. इनमें एक झील से घिरा, 272 साल पुराना मार्बल की दीवारों वाला महल भी है जिसका उपयोग अब होटल के रूप में किया जाता है. यह एक छोटा शहर है जिसके हवाई अड्डे पर आम तौर पर शांति पसरी रहती है, लेकिन अब यह जगह बहुत व्यस्त रह रही है.

कहा जा रहा है कि दूल्हे और दुल्हन के परिवार ने मेहमानों के लिए कम से कम 30 चार्टर्ड विमानें बुक की हैं.

इससे पहले भारतीय हस्तियों की दो चर्चित शादियां हो चुकी हैं.

अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा और अमरीकी सिंगर निक जोनास की शादी की तस्वीरों कई दिनों के अंतराल पर सावधानीपूर्वक इंस्टाग्राम पर जारी की गईं. प्रियंका के 75 फुट लंबे परिधान ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरीं. उनके संगीत समारोह के वीडियो भी वायरल हुए.

Comments